
रायगढ़। प्रशासन ने वर्षों से जर्जर हो चुकी प्राची विहार एसईसीएल रोड को संवारने के लिए करीब 15 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इसके अलावा एक नई सडक़ निकालने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विकास स्कूल के पास से नदी के अंदर कुछ जमीन लेकर रोड बनाई जाएगी जो बोंदाटिकरा पुल से जुड़ेगी। उर्दना से लेकर झारसुगुड़ा-संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग तक सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए मरीन ड्राइव को दोनों ओर चौड़ी सडक़ों से जोड़ा जाएगा। सर्किट हाउस से मरीन ड्राइव होकर वाहन सीधे कयाघाट होते हुए विकास स्कूल मोड़ तक पहुंचेेंगे। वहां से दो विकल्प मिलेंगे।
वर्तमान में पहले से मौजूद रोड बड़े अतरमुड़ा से प्राची विहार होते हुए मेडिकल कॉलेज रोड को बनाने 14 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। यह सडक़ भी चौड़ी होने के साथ-साथ पक्की हो जाएगी। भारी वाहनों को झारसुगुड़ा एनएच की ओर डायवर्ट करने के लिए यह रोड बेहतर विकल्प है। बोंदाटिकरा पुल से संस्कार स्कूल होते हुए एनएच तक चंद मिनटों में पहुंचा जा सकेगा। अभी बड़े अतरमुड़ा से एनएच 49 में पहुंचने के लिए लोगों को जूटमिल रोड होकर निकलना पड़ता है जिसमें समय ज्यादा लगता है।
लेकिन यह रोड बन जाएगी तो ट्रैफिक का लोड डायवर्ट हो जाएगा। इसके साथ ही एक और वैकल्पिक मार्ग विकसित किया जा सकता है। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी ईई को इसका प्रस्ताव बनाने का आदेश दिया है। विकास स्कूल के पास मरीन ड्राइव को ही जोड़ते हुए नदी के किनारे एक नई रोड बनाई जाएगी। यहां नदी की चौड़ाई काफी है, इसलिए रोड बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। विकास स्कूल से बोंदाटिकरा पुल को जोड़ा जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज रोड से उर्दना सीधी रोड
यह एक ऐसा रूट है जो धरमजयगढ़, घरघोड़ा की ओर से आने वाले लोगों को मेडिकल कॉलेज रोड पहुंचने के लिए सीधा रूट मिलेगा। सर्किट हाउस से मरीन ड्राइव होकर बड़े अतरमुड़ा पहुंच जाएंगे। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल जाने के लिए मरीजों को भी आसानी होगी। अतरमुड़ा से मेडिकल कॉलेज तक भी रोड चौड़ीकरण होना है।

Recent Comments