- रायगढ़ को मिली ऐतिहासिक सौगात, 1971 युद्ध का वीर टी-55 टैंक अब बढ़ाएगा सिंदूर पार्क की शान
शहर के सिंदूर पार्क को अब एक नई और ऐतिहासिक पहचान मिलने जा रही है। वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना की वीरता का प्रतीक रहा टी-55 युद्धक टैंक रायगढ़ पहुंच चुका है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पहल और जिला प्रशासन के समन्वय से लाया गया यह टैंक जल्द ही सिंदूर पार्क में स्थापित किया जाएगा।
करीब 38 वर्षों तक भारतीय सेना की सेवा देने वाला यह टैंक 1971 के युद्ध के अलावा ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों का भी हिस्सा रहा है। वर्ष 2009 में सेवामुक्त होने के बाद अब इसे रायगढ़ में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए स्थापित किया जा रहा है।
टैंक की स्थापना के बाद सिंदूर पार्क केवल हरियाली और मनोरंजन का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि शौर्य, बलिदान और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रतीक भी बनेगा। यहां आने वाले बच्चों, युवाओं और पर्यटकों को भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
इस पहल के साथ सिंदूर पार्क रायगढ़ की नई पहचान बनकर उभरेगा और शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

Recent Comments