
रायगढ़ | गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री ने ग्राम पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।


इसके पश्चात दोनों नेता ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए। साथ ही पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी का आशीर्वाद प्राप्त कर महाप्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की उन्नति, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Recent Comments