लोरमी। मुंगेली जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दरिंदे ने एक मूकबधिर दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पूरा मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 9 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे पीड़िता अपने घर के आंगन में अकेली बैठी थी। युवती दोनों हाथ-पैरों से दिव्यांग है और बोल नहीं सकती, लेकिन इशारों में बात समझती है। इसी का फायदा उठाकर गांव के ही आरोपी दीपक पटेल ने घर में घुसकर लोहे का गेट अंदर से बंद कर दिया और युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने तुरंत थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद लोरमी पुलिस तुरंत एक्शन में आई।

चूंकि पीड़िता मूकबधिर थी, इसलिए पुलिस ने संवेदनशीलता बरतते हुए ‘सत्य सांई हेल्प वे मूकबधिर आवासीय विद्यालय मुंगेली’ की विशेष शिक्षिका के माध्यम से द्विभाषिया (Sign Language Interpreter) कथन दर्ज कराया। पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ ही घटना से जुड़े तमाम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। लोरमी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए कानून के तहत सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


Recent Comments